राज्यपाल ने लोनिवि के सहायक अभियंता प्रवेश कुमार को किया सम्मानित

Listen to this article

उत्कृष्ट कार्यों के लिए राजभवन में मिला प्रशस्ति पत्र, हरिद्वार पहुंचने पर हुआ स्वागत

हरिद्वार, 17 सितम्बर। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देहरादून स्थित राजभवन में आयोजित समारोह में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हरिद्वार के प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग में तैनात सहायक अभियंता ई. प्रवेश कुमार को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने में विभागीय अधिकारियों और कार्मिकों की कार्यकुशलता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जनसेवा की भावना, समयबद्ध कार्य निष्पादन और उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यशैली से शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचता है।

प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, हरिद्वार में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत प्रवेश कुमार विभागीय निर्माण कार्यों तथा सड़क संबंधी परियोजनाओं के संचालन एवं निगरानी से जुड़े दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। हरिद्वार में निरंतर बढ़ते यातायात, तीर्थयात्रियों की आवाजाही तथा भविष्य के बड़े आयोजनों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।

सड़कों, पुलों और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों के बेहतर संचालन तथा निरीक्षण के लिए किए गए प्रयासों के आधार पर प्रवेश कुमार को यह सम्मान प्रदान किया गया। विभागीय स्तर पर इसे हरिद्वार के लोक निर्माण विभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है।

राजभवन में सम्मान प्राप्त करने के बाद बुधवार को हरिद्वार पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रवेश कुमार का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। सहकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी कार्य के प्रति और अधिक समर्पण से कार्य करने की प्रेरणा देगा।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने कहा कि हरिद्वार जैसे धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद में सड़क व्यवस्था और निर्माण कार्यों को सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता है। प्रवेश कुमार के सम्मान से विभाग के कार्यों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *