अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की निरंतर कार्रवाई

Listen to this article

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हटाया जा रहा अवैध अतिक्रमण

सड़क मार्गों, फुटपाथों एवं आगामी कुंभ मेले के सुव्यवस्थित संचालन के लिए चलाया जा रहा अभियान

हरिद्वार, 18 सितंबर, 2026 : जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सघन एवं निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज नगर मजिस्ट्रेट श्री हर गिरि के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज क्षेत्रांतर्गत अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम की टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा और कार्रवाई में सहयोग प्रदान किया।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज परिसर के बाहर सड़क, फुटपाथ तथा पटरी पर अवैध रूप से स्थापित खोखों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर निगम की टीम द्वारा अवैध खोखों एवं पटरी दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। पुलिस बल की उपस्थिति में अभियान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सड़क मार्गों एवं फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा आगामी कुंभ मेले के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज परिसर क्षेत्र में यातायात सुगमता तथा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए अभियान संचालित किया गया। सड़क एवं फुटपाथ पर अस्थायी रूप से लगाए गए अवैध खोखों, पटरी दुकानों तथा अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया, ताकि आमजन एवं यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनज़र नगर निगम एवं पुलिस बल के सहयोग से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य नगर के प्रमुख मार्गों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखना तथा श्रद्धालुओं, यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *