24 सितंबर को रुद्रप्रयाग में लगेगा लघु रोजगार मेला

Listen to this article

बेरोजगार अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराए जाएंगे रोजगार के अवसर, पूर्व पंजीकरण 19 सितंबर से शुरू

रुद्रप्रयाग 19 सितम्बर, 2026 : जिला सेवायोजन कार्यालय, रुद्रप्रयाग द्वारा जनपद के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 सितंबर, 2026 को लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला जिला कार्यालय सभागार, रुद्रप्रयाग में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा।

जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न नियोजक एवं कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इनके माध्यम से अभ्यर्थियों को उपलब्ध रिक्तियों एवं उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

19 सितंबर से होगा पूर्व पंजीकरण

रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। पूर्व पंजीकरण 19 सितंबर, 2026 से जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा।

इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से जिला सेवायोजन कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय पर पंजीकरण कराकर रोजगार मेले में प्रतिभाग सुनिश्चित करें।

आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्न दस्तावेज अनिवार्य रूप से लाने होंगे—

  • बायोडाटा अथवा रिज्यूमे
  • मूल शैक्षिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र
  • प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां
  • सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड
  • पासपोर्ट आकार के फोटो
  • पहचान पत्र

जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में उपस्थित रोजगारोन्मुख युवाओं को विभिन्न नियोजकों, सेवायोजन विभाग तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा वृत्तिक परामर्श एवं रोजगार मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को रोजगार के उपलब्ध अवसरों, आवश्यक योग्यता तथा भविष्य की संभावनाओं के संबंध में उपयोगी जानकारी मिलेगी।

उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार अभ्यर्थियों से लघु रोजगार मेले में प्रतिभाग कर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *