मरीजों से जानी स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति, बायोमेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन के दिए निर्देश
रुद्रप्रयाग, 19 सितंबर 2026। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि का निरीक्षण कर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न कक्षों एवं इकाइयों का निरीक्षण करते हुए मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. गोयल ने जन औषधि केंद्र, प्रयोगशाला, ऑपरेशन थिएटर, टीकाकरण कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बायोमेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि अस्पताल से निकलने वाले जैव-चिकित्सा अपशिष्ट का निर्धारित मानकों और प्रोटोकॉल के अनुसार पृथक्करण, संग्रहण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित प्रबंधन के प्रति सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे अस्पताल परिसर की स्वच्छता के साथ मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
जन औषधि केंद्र के निरीक्षण के दौरान डॉ. गोयल ने उपलब्ध दवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को निःशुल्क जांच एवं दवाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराई जाएं।
प्रयोगशाला का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जांच सुविधाओं, संसाधनों और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लैब में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सीएमओ ने इसे अधिक व्यवस्थित और निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने को कहा। उन्होंने संक्रमण नियंत्रण, साफ-सफाई तथा आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
टीकाकरण कक्ष की व्यवस्थाएं अपेक्षाकृत असंतोषजनक पाए जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल सुधार करते हुए टीकाकरण कक्ष को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए आने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अपेक्षित सुधार समयबद्ध रूप से पूरा करने को कहा।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अक्षिता ममगाईं, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप रावत सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
