अंडर-14 फ्रीस्टाइल मुकाबलों में हरिद्वार, नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर के पहलवानों ने जीते पदक
हरिद्वार, 19 सितंबर 2026। खेल महाकुंभ 2026–27 के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में अंडर-14 वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में हरिद्वार के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर पदक हासिल किए।
38 किलोग्राम अंडर-14 बालक वर्ग में हरिद्वार के रक्षित राठी प्रथम, अल्तमश द्वितीय तथा यासिर तृतीय स्थान पर रहे। 41 किलोग्राम भार वर्ग में हरिद्वार के रिहान ने पहला और दिव्यांश ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
44 किलोग्राम अंडर-14 बालक वर्ग में हरिद्वार के कृष्ण कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। नैनीताल के अर्पित पाल दूसरे स्थान पर रहे। चम्पावत के हर्षित और हरिद्वार के विहान लोहान ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
48 किलोग्राम भार वर्ग में हरिद्वार के अरमान ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि यथार्थ लोहान दूसरे स्थान पर रहे। हरिद्वार के काय मलिक और हर्ष कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 52 किलोग्राम वर्ग में हरिद्वार के निशांत ने पहला, विशाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। ऊधमसिंह नगर के मनन चंद और हरिद्वार के लवकुश सिंह संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में परम पूज्य गुरुदेव अनन्त श्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अनन्तानन्द सरस्वती जी महाराज सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पुंडीर, मंडल महामंत्री भानु प्रताप, देवेंद्र चौधरी, अमन चौहान, हितेश चौहान, पूनम मिश्रा, अशोक कुमार, रोहित और प्रदीप सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी मुकेश भट्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जनपदों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं तथा विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के मुकाबले आगामी दिनों में भी आयोजित किए जाएंगे।
