अबूझमाड़ को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम

Listen to this article

अबूझमाड़ को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम
नारायणपुर पुलिस ने नक्सलियों के गढ़ कुतुल क्षेत्र में आदिनपार में खोला नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप
नारायणपुर। शांत, सुरक्षित और नक्सलमुक्त अबूझमाड़ की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए नारायणपुर पुलिस ने नक्सलियों की अघोषित राजधानी कुतुल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम आदिनपार में दूसरा नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप स्थापित किया है। यह कैंप माड़ बचाव अभियान के तहत थाना कोहकामेटा क्षेत्र में खोला गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नारायणपुर पुलिस द्वारा नक्सल मुक्त एवं सशक्त बस्तर की परिकल्पना को साकार करने हेतु लगातार नक्सल विरोधी अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 23 दिसंबर को घोर नक्सल प्रभावित माड़ क्षेत्र के ग्राम आदिनपार में यह नवीन कैंप स्थापित किया गया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा एवं विकास कार्यों को गति मिलेगी।
नवीन कैंप की स्थापना से कोहकामेटा–कच्चापाल–कुतुल–कोड़नार–धोबे एक्सिस पर सड़क निर्माण कार्य को सुरक्षा उपलब्ध होगी तथा विकास योजनाएं अब अंदरूनी गांवों तक पहुंच सकेंगी। यह कैंप जिला मुख्यालय नारायणपुर से 56 किमी, थाना कोहकामेटा से 28 किमी, कुतुल से 12 किमी तथा कोड़नार से 6 किमी की दूरी पर स्थित है।
कैंप खुलने से आसपास के गांव धुरबेड़ा, कोड़तामरका, फरसबेड़ा, गुमरका, एडसमेटा, रेकापाल एवं आदिनपार में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, मोबाइल नेटवर्क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों में इस पहल को लेकर उत्साह और सुरक्षा का माहौल देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में नारायणपुर पुलिस द्वारा कुतुल सहित कई नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे नक्सलियों के प्रभाव वाले इलाकों में प्रशासन की पकड़ मजबूत हुई है। इस अभियान में नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर एवं आईटीबीपी की 53वीं, 41वीं, 29वीं और 45वीं वाहिनियों की अहम भूमिका रही। अभियान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संचालित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *