केंद्रीय सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम में सत्यनिष्ठा और सतर्कता का दिया संदेश

Listen to this article

शिक्षा का उद्देश्य मनुष्य में निहित दैवीय गुणों को विकसित करना है – चन्द्रकान्त

कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने कहा, सतर्कता सुरक्षित एवं श्रेष्ठ जीवन का आधार

हरिद्वार। बेहतर जीवन की तलाश में मनुष्य का संघर्ष आदिकाल से जारी है। मनुष्य के भीतर निहित दैवीय गुणों को विकसित करना ही शिक्षा का प्रमुख उद्देश्य है। इसी विचार के साथ शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के दयानंद स्टेडियम परिसर स्थित मेजर ध्यानचंद सभागार में भारत सरकार के तत्वावधान में 26 से 31 अक्टूबर तक केंद्रीय सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सप्ताहभर चलने वाले इस कार्यक्रम की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। मुख्य वक्ता एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय शिक्षा व्यवस्था के प्रचार-प्रसार तथा सामाजिक उन्नयन के लिए कार्य कर रहे संघ प्रचारक चन्द्रकान्त ने कहा कि व्यक्ति में उत्तम गुणों का समावेश ही नेतृत्व क्षमता का आधार है। उन्होंने कहा कि पिछले 100 वर्षों के दौरान भारतीय शिक्षा व्यवस्था अपनी परंपराओं के अनुरूप स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर रही है। पढ़ना-लिखना, बोलना-सुनना शिक्षा के महत्वपूर्ण कौशल हैं। मनुष्यता को जीवित रखने वाली विद्या गुरुकुल परंपरा से प्राप्त हो सकती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास सतर्क रहना आवश्यक है। एक खिलाड़ी भी सतर्कता और सजगता के माध्यम से अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकता है। आज जीवन के प्रत्येक क्षण में सतर्कता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि परमात्मा का स्मरण करने से कर्मों में श्रेष्ठता और विचारों में शुद्धता आती है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने मूल स्वभाव को बनाए रखते हुए सतर्क एवं जागरूक रहना चाहिए।

शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के प्रभारी तथा विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवकुमार चौहान ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सतर्कता सुरक्षित जीवन का आधार है। इसके माध्यम से बड़ी से बड़ी घटनाओं के प्रतिकूल प्रभावों को कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. डी.एस. मलिक ने किया। उन्होंने कहा कि सतर्क नागरिक ही सुरक्षित नागरिक बन सकता है। इस अवसर पर प्रो. सत्येंद्र राजपूत, डॉ. कपिल मिश्रा, डॉ. अजय मलिक, डॉ. प्रणवीर सिंह, सुनील कुमार, नवीन चन्द्र, डॉ. प्रदीप कुमार एवं क्षेत्र संयोजक अलीगढ़ देवराज सिंह सहित विभिन्न संकायों के विद्यार्थी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय के कन्या गुरुकुल परिसर एवं बीटेक परिसर में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने सतर्कता अपनाने और भ्रष्टाचार के समूल नाश की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *