वन्यजीव सप्ताह: चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राएं सम्मानित

Listen to this article

प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने प्रमाणपत्र, स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार देकर बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

हरिद्वार, 8 अक्टूबर। वन विभाग की ओर से आयोजित वन्यजीव सप्ताह का गुरुवार को समापन हो गया। हिलबाई पास मार्ग स्थित प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय में आयोजित समारोह में वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

चित्रों के माध्यम से दिया संरक्षण का संदेश

प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध ने विभिन्न वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ तथा कक्षा नौ और दस के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने अपने चित्रों में हाथी, तेंदुआ, बारहसिंगा, हिरण, गंगा और जंगल के प्राकृतिक वातावरण को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। कई चित्रों में वन्यजीवों और पर्यावरण को बचाने का संदेश भी दिया गया।

स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान जागरूकता रैली, संरक्षित वनों का भ्रमण और वन विभाग की कार्यप्रणाली से परिचित कराने जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि बच्चों में वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।

प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी पर जोर

मुख्य अतिथि पार्षद सचिन कुमार और पार्षद निशा नौडियाल ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को प्रकृति से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा निखारने का अवसर देती हैं। ग्रीनमैन विजय पाल बघेल ने पेड़-पौधों और वन्यजीवों को प्राकृतिक विरासत बताते हुए इनके संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी पर जोर दिया।

समारोह में उप प्रभागीय वनाधिकारी पूनम कैथोला, ज्वाला प्रसाद, रेंजर शीशपाल सिंह, महेश शर्मा, विवेक जोशी, राजेश राठौर, ईशा सेठी, आरती पंत, विनीत पांडे, शैलजा और राहुल नेगी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *