ऋषिकुल मैदान से रविवार सुबह 6 बजे होगी शुरुआत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की
हरिद्वार, 9 अक्टूबर। अतुल्य फाउंडेशन और हरिद्वार पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ मिनी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग भाग लेंगे।
ऋषिकुल मैदान से शुरू होगी मैराथन
मिनी मैराथन रविवार सुबह 6 बजे ऋषिकुल मैदान से प्रारंभ होगी। निर्धारित मार्ग के अनुसार प्रतिभागी रानीपुर मोड़, आर्य नगर, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, भगत सिंह चौक, टिबड़ी अंडरपास और पुराने रानीपुर मोड़ से होते हुए वापस ऋषिकुल मैदान पहुंचेंगे। आयोजन का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
नशा अपराध और सामाजिक बुराइयों को देता है बढ़ावा: एसएसपी
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है। यह अनेक सामाजिक बुराइयों के साथ अपराध को भी बढ़ावा देता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, पौष्टिक आहार लेने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की। साथ ही राष्ट्र निर्माण और देश सेवा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
महिलाओं की भागीदारी से मजबूत होगी मुहिम
एकम्स हेल्थ एंड एजुकेशन सोसाइटी की सचिव अर्चना जैन ने महिलाओं से मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा युवा पीढ़ी को अंधकार की ओर धकेल रहा है। सभी वर्गों की सहभागिता से ही नशे पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
