रुद्रप्रयाग, 15 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग के चार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का प्रदेश स्तर पर चयन होने से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने चयनित विद्यार्थियों, उनके गुरुजनों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में रुद्रप्रयाग के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। चयनित विद्यार्थियों में कोयल (कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज जयंती कोठियाडा), प्रिंस सिंह (कक्षा 11, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ऊखीमठ), कु. अनामिका (कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज बावई) तथा रवीना (कक्षा 11, राजकीय इंटर कॉलेज पौंठी) शामिल हैं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन, रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति क्षमता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, ज्ञान बढ़ाने और नए विचारों को विकसित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित होते हैं।
उन्होंने चयनित विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके शिक्षकों और अभिभावकों की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और मार्गदर्शन ने विद्यार्थियों को इस मुकाम तक पहुंचाया है। जिलाधिकारी ने कहा कि इन चारों विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयों के साथ-साथ पूरे जनपद रुद्रप्रयाग का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रस्तुतिकरण प्रतियोगिता में भी रुद्रप्रयाग ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को सम्मानित करते हुए जनपद की पूरी टीम, विद्यार्थियों, शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की थी। जिले की यह सफलता शिक्षा के क्षेत्र में नई प्रेरणा और उत्कृष्टता का प्रतीक मानी जा रही है।
