स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत–विकसित भारत होगी अभियान की थीम
हरिद्वार, 17 सितम्बर 2026। भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा–2026 (SHS-2026)” अभियान का व्यापक आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार यह अभियान जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर संचालित होगा।
विद्यालयों में शपथ, रैली और प्रतियोगिताएं
अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” रखी गई है। इसका उद्देश्य स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप देना और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। प्रथम चरण में विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, जागरूकता रैली, चित्रकला, वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा स्वच्छता ज्ञान कार्यशालाएं तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 पर जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे। विद्यार्थियों को जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण और रिड्यूस, रीयूज एवं रीसाइकिल यानी 3R के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
सार्वजनिक स्थलों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान
अभियान के दौरान जनपद की सभी स्वच्छता लक्षित इकाइयों, सार्वजनिक शौचालयों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों, नदी घाटों, अमृत सरोवरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिकाएं, नगर पंचायतें और ग्राम पंचायतें श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करेंगी।
स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों, युवा मंडलों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी से अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
23 से 26 सितम्बर तक घर-घर जागरूकता
23 से 26 सितम्बर तक जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन तथा प्लास्टिक मुक्त बाजारों के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग निस्तारण तथा कम्पोस्ट निर्माण की जानकारी भी दी जाएगी।
इस अवधि में “कूड़े से कला”, “स्वच्छ खेल-खेल” प्रतियोगिताएं, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला और पुराने कचरे के निस्तारण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
सफाई मित्रों का सम्मान और स्वास्थ्य परीक्षण
27 से 30 सितम्बर तक पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता कॉम्प्लेक्सों की सफाई, स्वच्छता संवाद, सफाई मित्र सम्मान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा उपकरण वितरण जैसे कार्यक्रम होंगे। स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित कर उनके योगदान को रेखांकित किया जाएगा।
गांधी जयंती पर सामूहिक श्रमदान
02 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर जनपदभर में सामूहिक स्वच्छता श्रमदान किया जाएगा। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
सभी विभागों को प्रत्येक गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा फोटो एवं रिपोर्ट समयबद्ध रूप से स्वच्छता ही सेवा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
