फाइनल में सौंराखाल को हराकर जीता खिताब, सात टीमों ने किया प्रतिभाग
रुद्रप्रयाग, 19 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत खेल निदेशालय उत्तराखंड, देहरादून के तत्वावधान तथा जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग द्वारा अनुसूचित जाति के अंडर-18 बालकों की जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि में किया गया।
स्पेशल कंपोनेंट प्लान के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद रुद्रप्रयाग की कुल सात टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में टेंठी और सौंराखाल की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। कड़े संघर्ष के बाद टेंठी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि सौंराखाल की टीम उपविजेता रही। खेल विभाग रुद्रप्रयाग की ओर से विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन एवं समापन समारोह के मुख्य अतिथि अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि के प्रधानाचार्य संजय सजवाण रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में कॉन्ट्रैक्ट प्रशिक्षक हैंडबॉल आलोक नेगी, कबड्डी प्रशिक्षक प्रकाश जगवाण सहित खेल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
