आठवीं जिला मुक्केबाजी प्रतियोगिता में 82 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

Listen to this article

राधे-राधे बॉक्सिंग अकादमी ने जीता ओवरऑल विजेता का खिताब

बालिकाओं को बॉक्सिंग से जोड़ना आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम – सुनीता चौधरी

हरिद्वार, 30 अक्टूबर। हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आठवीं हरिद्वार जिला प्रोत्साहन मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन राधे-राधे बॉक्सिंग अकादमी, इमलीखेड़ा में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्रों के 82 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मिनी, सब-जूनियर, जूनियर, यूथ एवं एलीट वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राधे-राधे बॉक्सिंग अकादमी ओवरऑल विजेता रही।

समापन समारोह में एसोसिएशन की संरक्षक एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता चौधरी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी, किसान आयोग के उपाध्यक्ष अजीत चौधरी, भाजपा नेता अमन त्यागी, जिला उपाध्यक्ष विपिन चौधरी, संयुक्त सचिव राकेश चौधरी और सचिव नवीन चौहान ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार, प्रमाण पत्र, टी-शर्ट और ट्रैक सूट वितरित कर सम्मानित किया।

सुनीता चौधरी ने कहा कि मुक्केबाजी जैसे खेलों को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। विशेष रूप से बालिकाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए। बॉक्सिंग से शारीरिक क्षमता के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित होती है। बालिकाओं को खेलों से जोड़कर सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

जिला उपाध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि मुक्केबाजी शारीरिक विकास, अनुशासन और खेल भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण खेल है। हरिद्वार के अनेक खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। एसोसिएशन का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर मिलें।

सचिव नवीन चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले के मुक्केबाजों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देना और उन्हें आगामी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। 10 से 15 वर्ष तक के खिलाड़ियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की खेल प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

आयोजन सचिव जयप्रकाश सैनी ने बताया कि राधे-राधे बॉक्सिंग अकादमी ने स्थापना के महज पांच महीनों में स्कूली प्रतियोगिताओं एवं अन्य खेल आयोजनों में कई पदक अर्जित किए हैं।

इस अवसर पर मुक्केबाजी प्रशिक्षक किशन सिंह महर, आदित्य प्रताप सैनी, दुष्यंत चौधरी, संगीत जोशी एवं अनिकेत को खेल के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के संरक्षक अनिल पाल, अशोक अग्रवाल सहित अन्य सदस्य एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *